शहरी चौपाल ब्यूरो
Gangoh। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत थाना गंगोह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की 50 ग्राम स्मैक बरामद की है।
यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में 23 मार्च 2026 को गश्त और चेकिंग के दौरान टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस ने ग्राम बाढ़ी माजरा के पास निर्माणाधीन पुल के नीचे रास्ते से मोनिश पुत्र जाहिद निवासी ग्राम बाढ़ी माजरा, थाना गंगोह को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से 50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 150/26 के तहत धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क की जांच कर रही है और उससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है, ताकि नशा तस्करी के पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन सवेरा” के तहत आगे भी नशा तस्करों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








