फैय्याज अली आब्दी
नानौता। काँठ विधायक कमाल अख्तर द्वारा सदन में सभासदों के मानदेय की मांग उठाए जाने पर नगर पंचायत नानौता के सभासदों ने उनका आभार व्यक्त किया।
दादा मिराजी रोड स्थित नगर पंचायत गेस्ट हाउस में सभासद शाहिद खान के नेतृत्व में आयोजित बैठक में कई सभासदों ने भाग लिया और विधायक के इस प्रयास की सराहना की। बैठक को संबोधित करते हुए सभासद राजपाल सिंह, तेजपाल सैनी और मोहम्मद मेहदी ने कहा कि सभासद जमीनी स्तर पर जनता की सेवा करते हैं, ऐसे में उनका मानदेय सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
इस दौरान सभासद फराज सिद्दीकी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मांग को जल्द पूरा करने की अपील की।
सभासद राजपाल सिंह ने कहा कि यदि सरकार इस मांग को स्वीकार करती है तो यह प्रदेश के सभी सभासदों के लिए एक नई पहल साबित होगी। वहीं सभासद शाहिद खान ने कहा कि वार्ड स्तर पर चुनाव जीतना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है और जीत के बाद सभासद बिना किसी भेदभाव के जनता की सेवा में जुटे रहते हैं।
बैठक में सभासद फराज सिद्दीकी, सादिक सैफी, मोहम्मद मेहदी नंबरदार, मुख्तार हुसैन, सादिक चौधरी, विश्वास कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








