ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल घिटौरा का वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

बागपत के घिटौरा स्थित ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सभी का मन मोह लिया और मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।

 

अरविंद कौशिक

बागपत । खेकड़ा तहसील के गांव घिटौरा स्थित ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल घिटरा का वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, सांस्कृतिक झलक और शिक्षा के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र त्यागी ने शिरकत की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में एमएम डिग्री कॉलेज खेकड़ा के अध्यक्ष एवं ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल मवीकलां के प्रधानाचार्य बृजेश शर्मा  तथा भाजपा नेता व समाजसेवी प्रवीण चौधरी मौजूद रहे। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार  विपुल जैन , कमलकांत त्रिपाठी, संतकुमार धामा, रणवीर सिंह और अनंत आर्य ने सम्मानित अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। अतिथियों और स्कूल प्रबंधन द्वारा मां दुर्गा और मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया गया। इसके पश्चात स्कूल के मैनेजर रामकुमार शर्मा और प्रधानाचार्य  मुकेश कुमार सिंघल ने सभी अतिथियों का तिलक, माल्यार्पण और प्रतीक चिन्ह देकर भव्य स्वागत किया।

वार्षिकोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। विद्यार्थियों ने देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, नाटक और गीतों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने और शिक्षा के महत्व को उजागर करने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि देवेंद्र त्यागी ने अपने संबोधन में विद्यालय द्वारा दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना भी उतना ही आवश्यक है।

विशिष्ट अतिथि ब्रिजेश शर्मा और नवीन चौधरी ने भी अपने विचार रखते हुए विद्यालय प्रबंधन की प्रशंसा की और कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के मैनेजर रामकुमार शर्मा ने कहा कि उनका संस्थान हमेशा इस दिशा में प्रयासरत रहता है कि बच्चों के लिए शिक्षा बोझ न बने, बल्कि आनंददायक अनुभव हो। उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों के बौद्धिक, भावनात्मक और शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। साथ ही नैतिक शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अच्छे संस्कार प्रदान किए जाते हैं, ताकि वे समाज के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंघल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास को भी प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा में प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों, शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों तथा विद्यालय टॉपर्स को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन विभा और रिंकी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जिन्होंने अपने प्रभावशाली संचालन से पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा।

इस अवसर पर शिक्षक जौनी, मुकेश कुमार, सचिन शर्मा, अभिनव सिंघल, मनवीर, सतेन्द्र, प्रवीण, रिंकू, धर्मेन्द्र, नवीन, हर्ष, सीमा शर्मा, मेघा सिंघल, अंजली, निधि, काजल, मौसम, शैली, हर्षिता, आंचल, पायल, सारिका सहित विद्यालय स्टाफ और सैकड़ों अभिभावक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

कुल मिलाकर ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल घिटौरा का वार्षिकोत्सव न केवल एक सांस्कृतिक आयोजन रहा, बल्कि यह विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने और समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का एक सफल प्रयास भी साबित हुआ।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य