ढमोला के बाद पांवधोई की सफाई होगी, नगरायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

सहारनपुर में नगरायुक्त शिपू गिरि ने जिला व्यापार बंधु और उद्योग बंधु की बैठक में नालों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और पांवधोई नदी की सफाई को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। SEO Tags:

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। नगर निगम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए ढमोला नदी की सफाई के बाद पांवधोई नदी की सफाई कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में नगरायुक्त शिपू गिरि ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरे किए जाएं।

नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में आयोजित जिला व्यापार बंधु एवं जिला उद्योग बंधु की बैठकों में शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान नगरायुक्त ने कहा कि नालों और नालियों की सफाई के बाद निकलने वाली सिल्ट को सड़क पर एक दिन से अधिक नहीं रहने दिया जाए, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी वार्डों में नाले-नालियों की सफाई का सत्यापन किया जाए और जहां कहीं भी कमी हो, उसे तुरंत दूर किया जाए। साथ ही शहर के कूड़ाघरों की स्थिति सुधारने के लिए पेंटिंग, दरवाजों की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के दौरान व्यापारी नुसरत साबरी ने पांवधोई नदी की सफाई का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में ढमोला नदी की सफाई पोकलेन मशीनों से कराई जा रही है और उसके पूर्ण होने के बाद पांवधोई की सफाई शुरू कर दी जाएगी।

मुकुंद मनोहर गोयल ने शहीद गंज से अंसारी रोड तक पांवधोई नदी में मिलने वाले नाले की जर्जर स्थिति की ओर ध्यान दिलाया। नगरायुक्त ने इस पर संज्ञान लेते हुए मुख्य अभियंता निर्माण को तत्काल आगणन तैयार कर नाले के पुनर्निर्माण के निर्देश दिए।

व्यापारी रोहित घई ने हकीकत नगर क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के तहत एक निजी प्लॉट में पड़े बड़े पाइपों को हटवाने की मांग उठाई, जिस पर नगरायुक्त ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा लोहानी सराय स्थित सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत, पालिका बाजार के पास यूरिनल निर्माण, अंसारी रोड पर गड्ढों की मरम्मत, पुल खुमरान स्थित कूड़ाघर हटाने और अतिक्रमण हटाने जैसे कई मुद्दे भी बैठक में उठाए गए।

जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने जनता रोड पर अतिक्रमण की समस्या को प्रमुखता से रखा। अतिक्रमण सहप्रभारी सुधीर शर्मा ने बताया कि इस क्षेत्र में अभियान शुरू कर दिया गया है और कई दुकानदारों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। शेष अतिक्रमण को भी जल्द हटाया जाएगा।

इसके अतिरिक्त अंबाला रोड स्थित डबनी वाला कब्रिस्तान के पास निगम की खाली जमीन को सुरक्षित करने के लिए तारबाड़ कराने के निर्देश दिए गए। कामधेनु उद्योग नगर में खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्या पर भी नगरायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक में उद्यमियों ने शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी उठाई। अधिकारियों ने बताया कि जल निकासी के लिए नए नालों के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार किए जा चुके हैं, जिन्हें 15वें वित्त आयोग की बैठक में स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

इन बैठकों में अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेश चंद, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम की इस सक्रियता से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में शहर की सफाई व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य