शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने पुलिस अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित गोष्ठी में उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने पर विशेष जोर दिया।
गोष्ठी के दौरान एसएसपी अभिनंदन सिंह ने कहा कि महानगर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक मैनेजमेंट को प्राथमिकता के आधार पर सुधारना जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाए। साथ ही, आम नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की सहभागिता भी आवश्यक है। इसलिए जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नियमों के प्रति संवेदनशील बनाया जाए।
गोष्ठी में एसएसपी ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एनडीपीएस एक्ट के तहत सभी मामलों में शत-प्रतिशत कानूनी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बरामदगी से जुड़े मामलों में साक्ष्य संकलन, सीलिंग, सैंपलिंग और फॉरेंसिक परीक्षण जैसी सभी प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुसार की जाएं, ताकि अदालत में दोषियों को सजा दिलाई जा सके।
एसएसपी ने नशे के हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जाए और सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए, ताकि समय रहते अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
इसके अलावा पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाएं और स्थानीय स्तर पर सूचना एकत्र कर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करें।
इस महत्वपूर्ण गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने एसएसपी के निर्देशों का पालन करते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का भरोसा दिलाया।
एसएसपी अभिनंदन सिंह के इन निर्देशों से साफ है कि सहारनपुर पुलिस अब यातायात सुधार और नशे के कारोबार के खिलाफ दोहरी रणनीति पर काम कर रही है। इससे न केवल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि अपराधों पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।








