शहरी चौपाल ब्यूरो
गागलहेड़ी। कस्बे की सनसिटी कॉलोनी में हुए चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। थाना पुलिस ने इस मामले में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात सनसिटी कॉलोनी स्थित एक मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया था। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। पीड़ित पक्ष द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी अमित नागर ने बताया कि गांव सोना निवासी अरशद ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके भाई के मकान में चोरी की वारदात हुई है। पीड़ित के अनुसार तीन नामजद आरोपियों ने मकान से दो गैस सिलेंडर, एक बैटरी, एक इनवर्टर, एक एलसीडी टीवी और एक डीवीआर चोरी कर लिया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए शनिवार सुबह ही एक आरोपी को कस्बे के मुख्य चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ निवासी मोहल्ला सराय मर्दान थाना मंडी जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है, जिसमें गैस सिलेंडर, इनवर्टर, बैटरी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार इस घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।








