शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर की महिला क्रिकेट टीम ने लखनऊ में आयोजित राधिका सिंह मेमोरियल महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के बाद सहारनपुर पहुंचने पर टीम का भव्य स्वागत किया गया और खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कोच भावना तोमर के नेतृत्व में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन लखनऊ क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा शेज क्रिकेट अकादमी में किया गया था, जिसे उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त थी। इस टूर्नामेंट में प्रदेश की कई मजबूत टीमों ने हिस्सा लिया, लेकिन सहारनपुर की टीम ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर फाइनल तक का सफर तय किया।
टीम ने अपने अभियान की शुरुआत कानपुर के खिलाफ मैच से की, जिसमें विरोधी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 129 रन बनाए। सहारनपुर की ओर से ज्योति बालियान और शुभ चौधरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए विकेट हासिल किए, लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 108 रन पर ऑलआउट हो गई।
दूसरे मैच में सहारनपुर का सामना लखनऊ रेड से हुआ, जिसमें टीम ने शानदार वापसी करते हुए 3 विकेट पर 292 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस मैच में शिखा सहलोट ने 131 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें चौकों और छक्कों की झड़ी लगाई। रिया भाटी, प्राची और नमिता सिंह ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। जवाब में लखनऊ रेड की टीम 103 रन पर सिमट गई और सहारनपुर ने 189 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल मुकाबले में लखनऊ ब्लू के खिलाफ सहारनपुर ने 150 रन बनाए, जिसमें शिखा सहलोट, दिशा शर्मा और भूमि सिंह का अहम योगदान रहा। गेंदबाजी में भी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को 136 रन पर रोक दिया और 14 रन से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में सहारनपुर का सामना एक बार फिर कानपुर से हुआ। इस मैच में सहारनपुर ने 124 रन बनाए, जिसमें दिशा शर्मा और भूमि सिंह ने 30-30 रन का योगदान दिया। हालांकि कानपुर की टीम ने लक्ष्य को 6 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया और खिताब जीत लिया। इसके बावजूद सहारनपुर की टीम उपविजेता बनकर जिले का नाम रोशन करने में सफल रही।
टूर्नामेंट के पुरस्कार वितरण समारोह में केशव प्रसाद मौर्य ने दोनों टीमों को सम्मानित किया। सहारनपुर टीम को 11,000 रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अलावा शिखा सहलोट को बेस्ट बल्लेबाज और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी दिया गया, जिसमें उन्हें नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
सहारनपुर लौटने पर डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा ने टीम को सम्मानित किया और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर खेल जगत से जुड़े कई लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।
कोच भावना तोमर ने कहा कि टीम का यह प्रदर्शन बेहद प्रेरणादायक है और यह आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और अनुशासन से टीम भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती है।
इस उपलब्धि से सहारनपुर में खेल प्रतिभाओं को नया उत्साह मिला है और महिला क्रिकेट को भी एक नई पहचान मिली है। खिलाड़ियों की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी बड़े मंच पर अपना परचम लहरा सकती हैं।








