अरविंद कौशिक
कैराना कोतवाली प्रभारी समय पाल सिंह अत्री के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहे 10-10 हजार रुपये के तीन इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, पूर्व में कस्बे के विभिन्न मोहल्लों के पांच व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में एक आरोपी अंसार निवासी मोहल्ला छड़ियान को पुलिस ने 23 मार्च को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।
इसी क्रम में शामली पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए पानीपत बाईपास स्थित अंडरपास के पास से तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साबू कुरैशी निवासी मोहल्ला रेतेवाला, मेहरबान निवासी मोहल्ला आलकलां तथा शाहिद कुरैशी निवासी मोहल्ला सुंदरनगर, कस्बा कैराना के रूप में हुई है। इन तीनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और ये लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हालांकि इस मामले में गैंग का सरगना आफताब उर्फ ताबू अभी भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कैराना पुलिस की इस कार्रवाई को गैंगस्टर अपराधों पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।








