शहरी चौपाल ब्यूरो
चिलकाना क्षेत्र के सुल्तानपुर स्थित न्यू कैंब्रिज पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव का आयोजन बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ अजय सिंह, सेंट मैरी स्कूल सरसावा के प्रिंसिपल फादर जोसेफ एंटो, विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास सैनी एवं एकता जनसेवा समिति के संरक्षक बालकृष्ण शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए अभी से परिश्रम करना चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर अभिभावक और उपस्थित जन भाव-विभोर हो उठे।
वार्षिकोत्सव के दौरान नर्सरी से कक्षा नौ तक अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों में मोहम्मद अदनान, सकीना, आर्यांस, आथिया रजा, आदित्री, मनिका, हया बैतुल, एलिजा नाज, अरहान, रिजूल लंबा, मोहम्मद अहमद, रेयांश, अभिज्ञान, अवनी, इश्वी, वर्णिका, आस्था, सिमरन, अर्शी, इजना, इशिका और अर्श शामिल रहे।
वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों में इनाया, अंशिका, श्रद्धा, रियान, अमन, मान्या, अनुष्का, नित्या, अस्मित, विधि, फलक, अदिति, वेदांग, आरती, शिफा, अविका और हुमेरा जैसे छात्र-छात्राएं शामिल रहे, जिन्हें भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि के रूप में विद्यालय में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ भी किया गया। इसका उद्घाटन मेयर डॉ अजय सिंह एवं फादर जोसेफ एंटो द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस पहल से छात्रों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी पढ़ाई और भी प्रभावी एवं रोचक बनेगी।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक श्याम कुमार सैनी, हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड के जिला सचिव मुस्तकीम अंसारी, पवन गुंबर, राजीव भारद्वाज, मनोज सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
समापन पर विद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजनों के माध्यम से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प दोहराया।








