शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन सामग्री का परिवहन कर रहे तीन ट्रकों को सीज कर दिया। इस दौरान ट्रकों को पकड़े जाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया, जिस पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पूरे जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी के नेतृत्व में चिलकाना पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
मंगलवार को पठेड़ चेक पोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने तीन संदिग्ध ट्रकों को रोका। जांच के दौरान इन ट्रकों में खनन सामग्री के परिवहन की पुष्टि होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। सीज किए गए ट्रकों में दो बिना नंबर प्लेट के थे, जिन्हें चेसिस नंबर के आधार पर चिन्हित किया गया, जबकि तीसरे ट्रक का पंजीकरण नंबर UP11-DT-4945 बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान ही ट्रकों को पकड़े जाने को लेकर दो पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया और हालात को बिगड़ने से पहले ही नियंत्रित कर लिया।
पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पांच लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में शमशाद पुत्र जिन्दा निवासी ग्राम सुचेला देवा, समून पुत्र इनाम और आजम पुत्र नाजिम निवासी ग्राम दभेड़ा कलां थाना चिलकाना, तथा जुबैर पुत्र नाजिम और आमिर पुत्र तोय्यब निवासी ग्राम चको थाना बेहट शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इसके साथ ही अवैध खनन से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि सहारनपुर पुलिस अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या उससे संबंधित गतिविधियां संचालित हो रही हों तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जनपद में लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस की सख्ती का असर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है।








