शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए “स्कूल चलो अभियान” का भव्य शुभारंभ बुधवार को विकास भवन सभागार में किया गया। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक देवेंद्र नीम, जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद पाठक तथा सहायक शिक्षा निदेशक कुमारी कोमल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुर की छात्रा पीहू और प्राथमिक विद्यालय कमेला कॉलोनी की छात्रा मरियम का सांकेतिक नामांकन कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।
इस मौके पर नवप्रवेशित बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों के सेट के साथ स्टेशनरी सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और लघु नाटिका के माध्यम से शिक्षा का महत्व दर्शाया, जिसने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में केजीबीवी नगर की छात्रा सना ने बालिका शिक्षा पर अपने विचार रखते हुए सभी बच्चों को नियमित शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी किया गया।
विधायक देवेंद्र नीम ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सत्र के पहले ही दिन छात्रों को मुफ्त पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की कि वे इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और अंतिम छोर तक के बच्चों को विद्यालय से जोड़ें।
जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद पाठक ने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों को निशुल्क यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग, स्वेटर और स्टेशनरी जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे शिक्षा के मार्ग में आने वाली आर्थिक बाधाएं कम हो रही हैं। उन्होंने “निपुण भारत मिशन” के तहत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
सहायक शिक्षा निदेशक कुमारी कोमल ने बताया कि यह अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इस दौरान सभी ग्रामों, वार्डों और मजरों में विशेष अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे। उन्होंने यह भी बताया कि अभियान का दूसरा चरण 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रमिकों, घुमंतु परिवारों और मलिन बस्तियों के बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में शैक्षिक सत्र 2025-26 में सर्वाधिक नामांकन वृद्धि करने वाले पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इससे अन्य विद्यालयों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
अंत में अतिथियों द्वारा स्कूल चलो अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार वाहन और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले शिक्षकों एवं पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया, जिनमें राकेश पंवार, स्वतंत्र चौधरी और अनुज कुमार (ब्लॉक अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ) प्रमुख रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








