शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर,। जन समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद में प्रत्येक विकास खंड की दो ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शुक्रवार को ग्राम चौपाल आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने इसके लिए विस्तृत रोस्टर जारी कर दिया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि ग्राम चौपाल का आयोजन प्रातः 11 बजे से किया जाएगा, जो समस्याओं के निस्तारण तक जारी रहेगा। चौपाल में ग्रामीणों की शिकायतों को मौके पर ही सुना जाएगा और उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही ग्राम्य विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। यदि किसी योजना के क्रियान्वयन में कोई व्यवहारिक कठिनाई सामने आती है, तो उसका समाधान भी मौके पर ही कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अप्रैल, मई और जून माह के लिए चौपालों का रोस्टर जारी कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित तिथि से पहले संबंधित ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही ग्राम चौपाल में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ग्राम चौपाल के दौरान मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी भुगतान, स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियां, विद्युत सखी, बीसी सखी, लखपति महिला योजना, टीएचआर प्लांट, गौ आश्रय स्थल, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय, टीकाकरण, राशन वितरण, गैस कनेक्शन तथा हर घर नल से जल योजना की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा आंगनबाड़ी और एएनएम केंद्रों का निरीक्षण करते हुए पेंशन योजनाओं और छात्रवृत्तियों का सत्यापन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, प्राकृतिक एवं जैविक खेती और सुशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा अनिवार्य रूप से की जाएगी। प्रत्येक ग्राम चौपाल में लेखपाल और राजस्व निरीक्षक की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए चकमार्ग और सार्वजनिक भूमि की पैमाइश भी कराई जाएगी।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के ग्राम स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ग्राम चौपाल में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि आमजन की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।








