शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। चिलकाना थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल की बैटरियां तथा घटना में प्रयुक्त लोहे का सरिया भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 मार्च 2026 को मनोहरपुर निवासी शाकिब ने थाना चिलकाना में तहरीर देकर बताया था कि उसकी मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा एलॉय व्हील, बैटरियां, मिक्सर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया। इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके अलावा 30 मार्च 2026 को ग्राम बुड्ढाखेड़ा निवासी आमिर ने भी अपनी दुकान से दो मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी सिमरन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 3 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर गश्त के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शम्सु पुत्र हामिद निवासी भावासराय खुमरान पुल थाना कोतवाली नगर तथा सलमान पुत्र इस्लाम निवासी चौधरी विहार थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 2 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल बैटरियां तथा चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सरिया बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में संबंधित धाराओं की वृद्धि कर दी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और पूर्व में विभिन्न मामलों में इनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।








