शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर महानगर में क्रीड़ा भारती संस्था का संस्थापक दिवस बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में शहर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्रीड़ा भारती के महानगर अध्यक्ष डॉ. अशोक गुप्ता, मुख्य अतिथि समाजसेवी शिवकुमार राणा एवं अन्य अतिथियों द्वारा भगवान हनुमान की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान सैकड़ों खिलाड़ियों ने एक साथ हनुमान चालीसा का पाठ कर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
इसके बाद कुश्ती और कबड्डी जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें अलग-अलग भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी महिला खिलाड़ियों ने 400 और 800 मीटर दौड़ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश स्तर पर पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का विशेष रूप से सम्मान किया गया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर हाफ मैराथन में पदक जीतने वाली खिलाड़ी को भी पुरस्कृत किया गया। खिलाड़ियों को नगद धनराशि और आकर्षक उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव कपिल द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि क्रीड़ा भारती का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना और पारंपरिक खेलों जैसे कुश्ती और कबड्डी को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि मोबाइल के बढ़ते उपयोग के कारण युवा खेलों से दूर हो रहे हैं, जिसे बदलने के लिए संस्था निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर क्रीड़ा भारती द्वारा 2 अप्रैल से 3 मई तक सदस्यता अभियान चलाने की भी घोषणा की गई, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में महानगर अध्यक्ष डॉ. अशोक गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








