अमित उपाध्याय
सहारनपुर । चिलकाना में आयोजित राष्ट्रीय एकता विशाल दंगल में पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मां देवी बाला सुंदरी मंदिर परिसर में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित इस दंगल में देश-विदेश से आए पहलवानों ने अपने दमखम का परिचय दिया।
दंगल की शुरुआत अपलाना के बाबा सुशील पहलवान और मुजफ्फरनगर के कल्लू पहलवान के मुकाबले से हुई, जिसमें बाबा सुशील ने जीत दर्ज की। इसके बाद भूटान के आदिवासी पहलवान चिम-चिम डोगरा ने गाजीपुर के राहुल यादव को चित कर अपनी ताकत का लोहा मनवाया।
दंगल में सबसे ज्यादा चर्चा भूटान के आदिवासी पहलवान चिम-चिम डोगरा की रही, जिन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने दिल्ली के बाबा शक्तिमान के खिलाफ मुख्य मुकाबले में भी जीत हासिल कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
दंगल में कई अन्य मुकाबले भी बेहद रोमांचक रहे। रामपुर के बिल्लू पहलवान ने हरियाणा के सोनू पहलवान को हराया। महिला कुश्ती में गंगोह की आइशा पहलवान ने सहारनपुर की आरजू पहलवान को मात दी।
हरियाणा के संजू पहलवान ने नेपाल के थापा पहलवान को पराजित किया, जबकि केरल के कुम्भकर्ण पहलवान और हरियाणा के अशोक राणा के बीच हुए मुकाबले में अशोक राणा ने जीत हासिल की। यह मुकाबला करीब आठ मिनट तक चला और दर्शकों को बांधे रखा।
दंगल में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग और खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सोनू सिंघल, तेजपाल प्रधान, प्रदीप शास्त्री, अनुज शर्मा, रेफरी सद्दाम अली, इरशाद पहलवान, मोहम्मद अली, हाजी मंसूर, इस्लाम प्रधान और शमशाद पहलवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे
चिलकाना में आयोजित यह दंगल न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का माध्यम बना, बल्कि नशा मुक्ति जैसे सामाजिक संदेश को भी प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने में सफल रहा। आदिवासी पहलवान चिम-चिम डोगरा का प्रदर्शन इस दंगल का मुख्य आकर्षण रहा।








