अरविंद कौशिक
कैराना। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर कस्बे में श्री बालाजी की भव्य शोभायात्रा बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। नगर की सड़कों पर भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया।
शोभायात्रा का शुभारंभ जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती में भी भाग लिया। श्री हनुमान सेवा समिति की ओर से अतिथियों को रामदरबार एवं हनुमानजी की प्रतिमा भेंट कर तथा पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
यह शोभायात्रा नगर के प्राचीन सिद्धपीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर चौक बाजार, बेगमपुरा, जोड़वा कुआं, निर्मल चौराहा, जामा मस्जिद, यावर अस्पताल, पट्टोवाला, मोहल्ला गुम्बद, शामली रोड और टीचर्स कॉलोनी सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु बालाजी के दर्शन के लिए उत्साहित नजर आए।
शोभायात्रा में शिव-पार्वती, रामदरबार, श्रीराम परिवार, खाटू श्याम, दुर्गा माता, भारत माता, शनिदेव, राधा-कृष्ण सहित अनेक देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने लोगों का मन मोह लिया। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए “बालाजी की जय” के जयघोष लगाते रहे, जिससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
नगरवासियों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की। शोभायात्रा के दौरान बालाजी के सारथी की बोली ढाई लाख रुपये में अरविंद मित्तल ने ली, जबकि सेवादार की बोली नौ लाख रुपये में उनके भाई राजू वर्मा के नाम रही, जिन्हें कस्बे में “काका कपड़े वाले” के नाम से जाना जाता है।
नगरपालिका परिषद कैराना की ओर से शोभायात्रा मार्ग पर विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की गई थी। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री व पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।
इस अवसर पर कोमल राज मित्तल, प्रमोद गोयल, अभिषेक गोयल, शगुन मित्तल, आलोक गर्ग, आशु गर्ग, दीपांशु गर्ग, राकेश उर्फ सपरेटा, अमित मास्टर, राजू, संजू, सुशील सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।








