शहरी चौपाल ब्यूरो
अम्बैहटा (सहारनपुर)। रविवार को सृष्टि के रचयिता महर्षि कश्यप जी की जयंती के पावन अवसर पर नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर चेयरमैन रेशमा नईम एवं चेयरमैन प्रतिनिधि एडवोकेट नईम अहमद कश्यप समाज के बीच पहुंचे और सभी को जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महर्षि कश्यप जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को स्मरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप का जीवन हमें एकता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता है, जिसे अपनाकर समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।
चेयरमैन रेशमा नईम ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और हमारी संस्कृति को जीवित रखते हैं। वहीं एडवोकेट नईम अहमद ने कश्यप समाज की एकजुटता और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए आपसी सहयोग बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में कश्यप समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर महर्षि कश्यप जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।








