शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद के तबर्रकपुर (टरडक) निवासी युवा क्रिकेट प्रतिभा सत्यम शर्मा को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) का पद रिक्त होने के चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से इस पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस नियुक्ति को सहारनपुर के खेल जगत के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव Kiran Verma ने जानकारी देते हुए बताया कि सत्यम शर्मा अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ COO पद से जुड़े सभी प्रशासनिक, प्रबंधन और संचालन कार्यों को संभालेंगे। वे संगठन के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्रिकेट गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेंगे। यह व्यवस्था नियमित नियुक्ति होने या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
सहारनपुर के खेल जगत में इस निर्णय को बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय खेल प्रेमियों और क्रिकेट से जुड़े लोगों ने इसे जिले के लिए सम्मानजनक बताया है। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सहारनपुर क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े परविंदर सिंह ने सत्यम शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन के कार्यों में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ेगी और उत्तराखंड में क्रिकेट को नई दिशा मिलेगी।
नवनियुक्त COO सत्यम शर्मा ने इस जिम्मेदारी के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्रिकेट के विकास में योगदान देंगे।
इस अवसर पर शहनवाज खान, प्रमोद सडाना, डॉ. पंकज खन्ना, अनुज कौशिक, कुशल शर्मा और पार्षद नीरज शर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने सत्यम शर्मा को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








