मनोज मिड्ढा
सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर जयंती के अवसर पर बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम बुनियादी ढांचे के लिहाज से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों के लिए अहम माना जा रहा है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति प्रस्तावित है। वहीं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के शामिल होने की भी संभावना है।
करीब 210 किलोमीटर लंबा यह छह लेन एक्सप्रेस वे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय को काफी कम कर देगा। इस मार्ग के शुरू होने के बाद यह दूरी लगभग ढाई से तीन घंटे में पूरी की जा सकेगी, जबकि पहले इसमें लगभग दोगुना समय लगता था। इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 दिसंबर 2021 को किया था।
लोकार्पण समारोह को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयारियों में जुटा हुआ है। कार्यक्रम का एक हिस्सा उत्तर प्रदेश के गणेशपुर में आयोजित होगा, जबकि दूसरा हिस्सा देहरादून में संपन्न किया जाएगा। गणेशपुर में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर उतरने के लिए विशेष हेलीपैड तैयार किया जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। इसके बाद वहां बने सभास्थल पर जनसभा को संबोधित किया जाएगा, जबकि प्रधानमंत्री का मुख्य संबोधन देहरादून में होगा।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गणेशपुर स्थित प्रसिद्ध मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद भी लेंगे। इस मंदिर की ऐतिहासिक मान्यता भी जुड़ी हुई है। बताया जाता है कि ब्रिटिश काल में वर्ष 1884 में सुरंग निर्माण के दौरान आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए इस मंदिर की स्थापना की गई थी, जिसके बाद कार्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ। तब से यह मंदिर यात्रियों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी की जा रही है। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर ने मौके पर पहुंचकर हेलीपैड और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह और नगर आयुक्त शीपू गिरि सहित अन्य अधिकारी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह कार्यक्रम खास महत्व रखता है, क्योंकि आने वाले समय में दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विशेषकर सहारनपुर और मेरठ मंडल में बढ़ती सक्रियता को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।
कुल मिलाकर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का लोकार्पण एक बड़ी विकास उपलब्धि के साथ-साथ आगामी चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने वाला अहम कार्यक्रम माना जा रहा है।








