सहारनपुर। जनपद में निजी स्कूलों द्वारा कथित रूप से की जा रही मनमानी फीस वसूली के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महानगर उपाध्यक्ष इकराम खान ने किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जनपद के कई हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के निजी विद्यालय एडमिशन फीस, स्कूल ड्रेस और पाठ्यक्रम के नाम पर अभिभावकों से मनमाने तरीके से धन वसूल रहे हैं। इस अनियमितता के कारण मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षा का अधिकार सभी के लिए समान होना चाहिए, लेकिन निजी स्कूलों की इस प्रकार की वसूली से यह व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर इस पर तुरंत रोक लगाई जाए, ताकि अभिभावकों को राहत मिल सके।
मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने पूरे मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस संबंध में निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी विद्यालय नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों और अभिभावकों के हितों की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा शीघ्र कदम उठाए जाने से अभिभावकों को राहत मिलेगी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे पर व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में महानगर उपाध्यक्ष हरिओम मिश्रा, महासचिव आरिफ मंसूरी, सचिव रवि कुमार, राकेश वर्मा, नसीब खान, मौ. उमर, शादाब अंसारी, मौ. जफर, भूरा खान, मनोज शर्मा, बशारत खान, जैद खान और अहतेशाम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








