शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के महामंत्री के निर्देश पर आज रेलवे स्टेशन सहारनपुर पर मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां मजदूर हितों के विपरीत हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करने की प्रमुख मांग उठाई। उन्होंने नई पेंशन योजना (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को समाप्त करने की भी मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि पुरानी पेंशन व्यवस्था ही उन्हें सुरक्षित भविष्य की गारंटी देती है।
इसके अलावा यूनियन ने रेलवे में बढ़ती ठेकेदारी प्रथा पर भी कड़ा विरोध जताया। कर्मचारियों ने कहा कि रिक्त पदों पर ठेके के माध्यम से कार्य कराना बंद किया जाए और नियमित कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और कार्य की गुणवत्ता भी बेहतर हो।
आठवें वेतन आयोग को लेकर भी कर्मचारियों ने अपनी मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि महंगाई दर को ध्यान में रखते हुए फिटमेंट फैक्टर 3.5 रखा जाए तथा न्यूनतम और अधिकतम वेतनमान के बीच के अंतर को कम किया जाए। साथ ही कर्मचारियों का वर्दी भत्ता बढ़ाकर 10,000 रुपये करने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और इसे बड़े स्तर पर चलाया जाएगा।
इस अवसर पर सभा की अध्यक्षता शाखा सचिव रामप्रीत द्वारा की गई। प्रदर्शन में उपेन्द्र गुप्ता, राजन वत्स, बाबूराम, अनुज, विजेन्द्र, विकास राज शर्मा, सचिन मलिक, अर्जुन सिंह, अमित शर्मा, संजय सिंह, रविन्द्र, सुरेन्द्र, विवेक, जोखूप्रसाद, सन्नी आर्य, मुकेश कुमार सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।








