शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अब होटल और बैंक्वेट हॉल संचालकों को विशेष रूप से स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और आईटीसी मिशन सुनहरा कल फोर्स के वालंटियर्स संयुक्त रूप से होटल संचालकों को यह समझा रहे हैं कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके किस प्रकार उसका बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। साथ ही कचरे को खाद में परिवर्तित करने की प्रक्रिया तथा कचरा उत्पादन को कम करने के उपायों की भी जानकारी दी जा रही है।
यह अभियान स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) गतिविधियों के तहत संचालित किया जा रहा है। आईईसी गतिविधियों के नोडल प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा के नेतृत्व में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए विभिन्न वार्डों में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में वार्ड संख्या 07 में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें अंबाला रोड स्थित होटल राजमहल और रॉयल रेजिडेंसी के प्रबंधकों के साथ-साथ जाटव नगर क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया। बैठक में बीडब्ल्यूजी (Bulk Waste Generator) के तहत होटल एवं बड़े संस्थानों द्वारा उत्पन्न होने वाले कचरे के प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई।
होटलों में कार्यरत कर्मचारियों को कचरे के पृथक्करण, निस्तारण और स्वच्छता मानकों के पालन के विषय में प्रशिक्षित किया गया। उन्हें बताया गया कि यदि कचरे का सही तरीके से प्रबंधन किया जाए तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहर को स्वच्छ बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
इसके अलावा वार्ड संख्या 42 और वार्ड संख्या 08 में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर आम नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छ सर्वेक्षण के महत्व, कचरा पृथक्करण और साफ-सफाई के नियमों की जानकारी दी गई।
वार्ड 42 में वेस्ट पिकर्स (घर-घर से कचरा एकत्र करने वाले) के साथ विशेष बैठक आयोजित कर उन्हें भी स्वच्छता अभियान के प्रमुख बिंदुओं से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संदीप मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों से ही स्वच्छता की शुरुआत करें और अपने बच्चों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक परमानंद, सफाई निरीक्षक राजेश कुमार, होटल स्टाफ और क्षेत्रीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कुल मिलाकर नगर निगम का यह प्रयास शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छता अभियान को और अधिक मजबूती मिल रही है।








