शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दी कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन में भगवान महर्षि कश्यप की जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने उनके जीवन, विचारों तथा सृष्टि निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि कश्यप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। बार एसोसिएशन के महासचिव चौधरी सर्वोत्तम सिंह एडवोकेट ने कहा कि महर्षि कश्यप को सृष्टि का मूल माना जाता है और देव, दानव, राक्षस, यक्ष एवं गंधर्व सहित समस्त सृष्टि का उद्गम उनसे ही माना जाता है। उन्होंने सभी को उनके बताए मार्ग पर चलते हुए प्रकृति संतुलन बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
बार एल्डर्स कमेटी चेयरमैन संजीव ठाकुर तथा चौधरी कृपाल सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महर्षि कश्यप के आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया। ठाकुर ज्ञान सिंह पुंडीर एवं चौधरी हुकम सिंह वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता की सबसे अधिक आवश्यकता है, जो महर्षि कश्यप के संदेशों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
प्रदेश उपाध्यक्ष, भारतीय समाज पार्टी उत्तर प्रदेश, शीशपाल कश्यप ने कहा कि महर्षि कश्यप के चरणों में पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना सभी के लिए गर्व का विषय है और यह कार्यक्रम अधिवक्ताओं के सहयोग से उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनमें अधिवक्ताओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके साथ ही जलपान का आयोजन भी किया गया, जहां सभी ने आपसी सौहार्द के साथ सहभागिता की।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ठाकुर संजीव कुमार, महासचिव सर्वोत्तम सिंह, राहुल कश्यप, बृजमोहन कश्यप, चंद्रपाल कश्यप, राजेश कश्यप, दीपक कश्यप, सोहनलाल कश्यप, हरिनाम, भीम चौधरी, जयपाल कश्यप सहित अनेक अधिवक्ता एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








