शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जिले के शिक्षकों ने अपनी विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक एकत्र हुए और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से शिक्षकों और कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण समस्याएं लंबित पड़ी हुई हैं, जिनका समाधान नहीं होने से शिक्षकों में गहरा रोष व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय स्तर पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण शिक्षकों को समय पर उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है।
शिक्षकों ने बताया कि नई पेंशन योजना से जुड़ी कई समस्याएं अब तक अनसुलझी हैं। उन्होंने कहा कि राज्यांश सहित ब्याज का अद्यतन (अपडेट) लंबे समय से लंबित है, जिससे शिक्षकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके साथ ही जो शिक्षक पुरानी पेंशन योजना में शामिल हो चुके हैं, उनकी कटौती राशि को उनके खातों में जमा कराने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
धरने के दौरान शिक्षकों ने एरियर भुगतान में हो रही देरी को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई महीनों से शिक्षकों का एरियर लंबित पड़ा हुआ है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा परिषदीय परीक्षाओं से संबंधित पारिश्रमिक का भुगतान समय पर न होने पर भी शिक्षकों ने कड़ी आपत्ति जताई।
प्रदर्शन के उपरांत शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला विद्यालय निरीक्षक को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई। इस दौरान अधिकारियों ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष रजनीश चौहान, प्रदेश मंत्री डॉ. युद्धवीर सिंह, संरक्षक नाथीराम कंबोज, जयदीप त्यागी, जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिला मंत्री राजेंद्र राठौड़, नगर अध्यक्ष संदीप कुमार, कर्मवीर गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष धर्मपाल यादव, नीरज मिश्रा, मंडल अध्यक्ष शिवकुमार, जिला उपाध्यक्ष संजय शर्मा, अतुल त्यागी, कुंवर धनंजय, अनुरंजन गुप्ता, सर्वेश कुमार, ओमवीर सिंह, प्रवीण कुमार, राहुल कुमार, अनिल कुमार, सोनू कुमार, मुकेश कुमार, अमित कुमार, मुनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।








