शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद के देवबंद क्षेत्र में एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को पाकिस्तान के संदिग्ध संपर्कों के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुफ्ती जाकिर के रूप में हुई है, जो शहर के कोतवाली क्षेत्र में रहता था।
सूत्रों के अनुसार, एटीएस को पहले से ही खुफिया इनपुट मिल रहे थे कि मुफ्ती जाकिर पाकिस्तान के कुछ संदिग्ध लोगों के संपर्क में है और सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक व भड़काऊ सामग्री साझा कर रहा है। इसके बाद टीम ने उसकी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई और पुख्ता सबूत मिलने के बाद दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी को देवबंद के ओम विहार कॉलोनी, मिल फाटक से नखासा बाजार के पास स्थित इस्लामिया शिफा खाना गली से पकड़ा गया। उसके मोबाइल फोन की जांच में कई भड़काऊ मैसेज और पोस्ट मिले हैं, जिनमें सीएए, एनआरसी, यूजीसी, राम मंदिर निर्णय समेत विभिन्न मुद्दों पर लोगों को उकसाने की कोशिश की गई थी।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तानी नंबरों के संपर्क में था। एटीएस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे और कहीं यह कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
एटीएस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गुप्त स्थान पर ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय पुलिस को अलर्ट पर रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।








