शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत नगर विधायक राजीव गुम्बर ने जनक मंडल के बाल्मीकि बस्ती एवं जाटव बस्ती क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी।
जनसंपर्क के दौरान विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों तथा मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की प्रदेश सरकार के 9 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं और आमजन को इसका लाभ मिल रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को देश को समर्पित करने के लिए गणेशपुर आ रहे हैं। यह राजमार्ग तीन राज्यों को जोड़ने का कार्य करेगा और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विधायक ने बताया कि पहले सहारनपुर से दिल्ली की दूरी तय करने में 6 से 8 घंटे का समय लगता था, जबकि अब एक्सप्रेसवे बनने से यह दूरी घटकर लगभग 2 से ढाई घंटे रह गई है। इससे लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।
इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष संदीप रावत, मंडल अध्यक्ष हनी वर्मा, तुषार मारवाह, पार्षद जसवीर मोगा, अजय खटाना, मनोज कपूर, राजीव शर्मा, गौरव रस्तोगी, विवेक राजपूत, करण सब्बरवाल, पुनीत सिंह धीर, सनी दीक्षित, सुधीर सैनी, गगन सैनी, मनमोहन सूद, संदीप सिंघल, दीपक मलिक, प्रतीक सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।








