शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना मंडी पुलिस ने वाहन चोरी की एक घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को विशाल पुत्र पाल्लू राम, निवासी ग्राम कपासा थाना नागल ने अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 11 सीक्यू 5021) चोरी होने की शिकायत थाना मंडी में दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि अज्ञात चोर उसकी बाइक चोरी कर ले गया। इस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 155/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की और लगातार चेकिंग अभियान चलाया।
इसी क्रम में 12 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल के साथ जे.वी. जैन कॉलेज से खाताखेड़ी मार्ग की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अभियुक्त को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अंकित उर्फ जलेबी पुत्र राजू, निवासी साकेत क्षेत्र के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिससे आगे भी पूछताछ की जा रही है ताकि अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सके।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस सफलता में उपनिरीक्षक प्रेमपाल सिंह, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, कपिल ढाका और सुनील राणा की अहम भूमिका रही।
थाना मंडी पुलिस की इस कार्रवाई को वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहा है और टीम को आगे भी इसी तरह सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।








