शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से पहले सहारनपुर में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी को पुलिस प्रशासन ने उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एहतियातन की गई, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार का विरोध या अव्यवस्था न हो।
सूत्रों के अनुसार, मनीष त्यागी ने कुछ दिन पहले महापौर डॉ अजय सिंह और नगर विधायक राजीव गुंबर के खिलाफ बयान देते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री के सहारनपुर आगमन के दिन वे शांतिपूर्ण ढंग से ज्ञापन देकर अपनी शिकायत प्रस्तुत करेंगे।
इसी आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही रणनीति बनाते हुए सोमवार सुबह करीब 7 बजे मनीष त्यागी को उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया।
हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद मनीष त्यागी ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के मूल अधिकारों का हनन है। बिना किसी अपराध के एक नागरिक को पूरे दिन उसके घर में कैद रखना पूरी तरह गलत है।
त्यागी ने कहा कि वे शहर में व्याप्त भ्रष्टाचार, नगर निगम में कथित अनियमितताओं और विकास कार्यों में कमीशनखोरी के आरोपों को मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहते थे। उन्होंने महापौर और नगर विधायक पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर की कई सड़कों को पिछले तीन वर्षों में बार-बार तोड़ा और बनाया गया, जिससे जनता के टैक्स का पैसा बर्बाद हुआ और व्यापारियों का रोजगार प्रभावित हुआ।
उन्होंने यह भी कहा कि निजी स्कूलों की मनमानी और शुल्क वृद्धि जैसे मुद्दों को भी वे मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहते थे। मनीष त्यागी ने सवाल उठाया कि क्या आम जनता के मुद्दों को उठाना अपराध है और क्या उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को राजनीतिक दबाव का परिणाम बताते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर मुख्यमंत्री से दूर रखने के लिए नजरबंद किया गया है।
वहीं प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और किसी भी संभावित विरोध को रोकने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।








