शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर में आयोजित गली-मोहल्ला कॉर्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट के रोमांचक लीग मुकाबलों में सहारनपुर पैन्थर्स और सहारनपुर एवेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश कर लिया। ज्ञान कलश इंटरनेशनल स्कूल के क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पहले मुकाबले में बिजनेस लीजेंड्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विपुल ने 49 और जीवनजोत ने 46 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। गेंदबाजी में तनु शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहारनपुर पैन्थर्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 17 ओवर में ही 244 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत के नायक रहे विवेक राठौर, जिन्होंने 54 गेंदों पर 149 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया। उनके अलावा कार्तिक शर्मा ने भी 54 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में आमिर ने 2 और विभु ने 1 विकेट लिया। विवेक राठौर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सहारनपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 149 रन बनाए। टीम के लिए अंकुर ने 52 और संतोष कुमार ने 26 रन का योगदान दिया। सहारनपुर एवेंजर्स की ओर से नवीन ने 4 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी, जबकि वीरेंद्र ने 2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सहारनपुर एवेंजर्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 12 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाकर जीत दर्ज की। टीम की ओर से सचिन वर्मा ने 59 और पीयूष राणा ने 54 रनों की शानदार पारियां खेलीं। गेंदबाजी में आकाश और आशीष को एक-एक विकेट मिला। सचिन वर्मा को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
टूर्नामेंट के दौरान खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। इस अवसर पर बाबा इंदरप्रीत, राकेश रस्तोगी, शुभम, बलविंदर, मनोज, दीपक चौधरी, वरुण शर्मा, मंसूर, जावेद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की चैलेंजर कमेटी के सदस्य साजिद उमर, सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन से लतीफ उर रहमान, डॉ. संजीव विरमानी, डॉ. उत्कर्ष और डॉ. ऋषि पुण्डीर की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
टूर्नामेंट के आयोजकों ने बताया कि आगामी मुकाबलों में और भी रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे, जिसमें टीमें फाइनल में पहुंचने के लिए पूरा दमखम दिखाएंगी।








