सहारनपुर में अवैध शराब पर सख्ती: चेकपोस्टों पर हाई अलर्ट, वाहनों की होगी गहन जांच

सहारनपुर मंडल में अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार ने अंतरराज्यीय चेकपोस्टों पर सख्त निगरानी और वाहनों की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर मंडल में अवैध शराब की तस्करी और कच्ची शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार ने मंडल के सभी अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अंतरराज्यीय चेकपोस्टों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों की गहन जांच सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर जैसे सीमावर्ती जिलों में अवैध शराब की तस्करी की आशंका अधिक रहती है, इसलिए यहां लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाए। विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से आने वाले वाहनों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उप आबकारी आयुक्त ने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखना और भी जरूरी हो गया है। ऐसे में किसी भी स्थिति में अवैध शराब की तस्करी या बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी आबकारी निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि मंडल में कच्ची शराब बनाने का अवैध धंधा पूरी तरह बंद कराया जाए। इसके लिए गांव-देहात क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने को कहा गया है। साथ ही, जहां कहीं भी अवैध शराब की सूचना मिले, वहां तुरंत छापेमारी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा उप आबकारी आयुक्त ने मंडल की सभी देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों की भी नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतें मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उपभोक्ताओं से निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जा सकती है।

बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी चेकपोस्टों पर आधुनिक तकनीक और सतर्कता के साथ निगरानी रखी जाए, ताकि तस्कर किसी भी तरह की चालाकी से बच न सकें। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता है कि अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए और आम जनता को सुरक्षित एवं नियंत्रित वातावरण प्रदान किया जाए।

उप आबकारी आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अभियान के तहत आने वाले दिनों में मंडलभर में विशेष चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाए जाएंगे, जिससे अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसा जा सके।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य