शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण अवसर पर गणेशपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग जनता को गुमराह करने में लगे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता सब समझती है और आने वाले समय में उन्हें जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान देकर गरीबों और वंचितों के उत्थान का मार्ग दिखाया, जिसे आज भारतीय जनता पार्टी साकार करने में जुटी है। बाबा साहब की जयंती के अवसर पर एक्सप्रेसवे जैसी बड़ी सौगात मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ कार्य हुआ है और सरकार लगातार गरीबों, वंचितों व जरूरतमंदों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू कर रही है।
उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे की हिस्सेदारी सीमित थी, लेकिन अब तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हुआ है और प्रदेश देश में नई पहचान बना रहा है। सहारनपुर और उत्तराखंड को जोड़ने वाला यह एक्सप्रेसवे क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।








