शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है, जिसके तहत शहर के 22 प्रमुख स्थानों और चौराहों पर इमरजेंसी हेल्प सिस्टम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अब किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं इन स्थानों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से एक बटन दबाकर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं। यह सुविधा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है।
नगर निगम द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं को इस नई व्यवस्था की जानकारी दी गई। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर आईसीसीसी में आयोजित इस कार्यक्रम में मिशन शक्ति 5.0 के सहायक नोडल अधिकारी मोहित तलवार ने बताया कि शहर के 22 महत्वपूर्ण स्थानों पर लाल रंग के पुश बटन लगाए गए हैं, जिन्हें दबाते ही कॉल सीधे इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जुड़ जाती है। इसके बाद संबंधित थाने को तुरंत सूचना भेजी जाती है और मौके पर सहायता पहुंचाई जाती है।
उन्होंने बताया कि आईसीसीसी कंट्रोल रूम में 24 घंटे पुलिसकर्मी और तकनीकी स्टाफ तैनात रहते हैं, जो शहर की निगरानी करते हैं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं। इस आधुनिक व्यवस्था से महिलाओं को न केवल सुरक्षा का अहसास होगा बल्कि अपराध पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि शहर में कुल 860 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो 17 प्रमुख जंक्शनों सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों को कवर करते हैं। इनमें पुरानी चुंगी, नवाबगंज चौक, घंटाघर, देहरादून चौक, चौधरी चरण सिंह चौक, अग्रसेन चौक, दर्पण तिराहा, कलक्ट्रेट तिराहा, हसनपुर चौराहा, मंडी समिति चौक, अंबेडकर चौक, सदर तिराहा, विश्वकर्मा चौक, दीवानी तिराहा और अन्य प्रमुख स्थान शामिल हैं। इसके अलावा फव्वारा चौक, एलाइड पेट्रोल पंप, कुतुबशेर, बेहट अड्डा और भगत सिंह चौक जैसे स्थानों पर भी कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए गए हैं।
एनआईसी के सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर मनोहर ने जानकारी दी कि आईसीसीसी से इन सभी स्थानों पर एक साथ घोषणा भी की जा सकती है, जिससे किसी आपात स्थिति में तुरंत अलर्ट जारी किया जा सकता है। यह सुविधा आपदा प्रबंधन और कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी बेहद उपयोगी साबित होगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे अपने आसपास के लोगों को भी इस सुविधा के बारे में जानकारी दें और अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित करें। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से शहर में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा उन्हें किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत सहायता मिल सकेगी।







