शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर के युवा जू-जित्सू खिलाड़ी अभिनव सैनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका में आयोजित साउथ एशियन चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश और जनपद का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सहारनपुर लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया, जहां खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों ने उनका उत्साहवर्धन किया।
सर्किट हाउस रोड स्थित पार्वती धाम कॉलोनी में विन स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित स्वागत समारोह में अभिनव सैनी का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर भारतीय कुराश एसोसिएशन के सचिव विक्रांत कश्यप, कोच मोहित शर्मा और अन्य खेल प्रशिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। समारोह का माहौल उत्साह और गर्व से भरा रहा, जहां हर कोई अभिनव की सफलता पर खुश नजर आया।
जिला जू-जित्सु एसोसिएशन सहारनपुर के सचिव एवं कोच मोहित शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 से 12 अप्रैल के बीच श्रीलंका में आयोजित जू-जित्सु साउथ एशियन चैंपियनशिप में अभिनव सैनी ने -94 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया और अपनी उत्कृष्ट तकनीक और दमदार प्रदर्शन के दम पर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस जीत के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराया और यह साबित कर दिया कि सहारनपुर की प्रतिभाएं भी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
भारतीय कुराश एसोसिएशन के सचिव विक्रांत कश्यप ने अभिनव सैनी की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कोच मोहित शर्मा के मार्गदर्शन की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि एक अच्छे प्रशिक्षक की भूमिका खिलाड़ी की सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
कोच मोहित शर्मा ने कहा कि अभिनव सैनी ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है और उनकी यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सफलताएं युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करती हैं और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती हैं।
स्वागत समारोह के दौरान वरिष्ठ खेल शिक्षक एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता रविंद्र कुमार शर्मा, खेल शिक्षक अमित कुमार चौधरी, दिव्यांश कश्यप, अंशुल वत्स, निकिता जैन, ध्रवेश और संजीव कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अभिनव सैनी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
अभिनव सैनी की यह उपलब्धि न केवल सहारनपुर बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और यह दर्शाती है कि यदि प्रतिभा को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकती है।







