अमित कुमार
छुटमलपुर (सहारनपुर)। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर देहरादून रोड स्थित वैदिक शिव सत्संग मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के लोगों ने एकजुट होकर सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत हवन-पूजन के साथ हुआ, जिसके बाद थाना अध्यक्ष विनय शर्मा और मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज बंसल को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद परशुराम दल के प्रदेश सचिव प्रमोद शर्मा ने कहा कि अब ब्राह्मण समाज की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाज को अपनी राजनीतिक ताकत को पहचानना होगा और संगठित होकर उसे प्रदर्शित करना होगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से ‘सर्व कल्याण’ की भावना के साथ समाज कार्य करता रहा है, लेकिन वर्तमान समय में राजनीतिक परिदृश्य में ब्राह्मण समाज खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। ऐसे में अब समय आ गया है कि समाज अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान बनाए।
वक्ताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि उससे पहले ब्राह्मण समाज को अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ानी होगी। केवल किसी एक दल के वोट बैंक बनकर रहने के बजाय समाज को अपने मुद्दों पर एकजुट होकर रणनीति बनानी चाहिए। अरविंद शांडिल्य ने कहा कि समाज को अपनी बौद्धिक क्षमता, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के आधार पर नए राजनीतिक विकल्प तलाशने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग उठाई और साथ ही यूजीसी तथा एससी-एसटी एक्ट में बदलाव की भी आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा, संस्कृति और सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर अपनी आवाज को और बुलंद करना होगा, तभी आने वाले समय में उसका समुचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सकेगा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर समाज के हितों की रक्षा करने और युवाओं को जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राजेश शर्मा, एडवोकेट मंजू शर्मा, विनोद शास्त्री, राजीव पराशर, पुरुषोत्तम शर्मा, भूपेंद्र शर्मा, प्रतीत उपाध्याय, ऋषिपाल उपाध्याय, तुषार शर्मा, प्रदीप पाराशर, कमला देवी, दिनेश भारद्वाज, मोनू पंडित, अरवेश शर्मा, रजत शांडिल्य, सुदेश शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, रेनू कंबोज, गणेश दत्त, शिवम उपाध्याय, जनेश्वर पंडित, कुंवर पाल राठी और रमा शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन समाज में एकता और जागरूकता बढ़ाने के आह्वान के साथ हुआ। वक्ताओं ने कहा कि यदि समाज संगठित रहेगा, तो आने वाले समय में वह अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान स्थापित करने में सफल होगा।







