Saharanpur News: एसपी देहात Mayank Pathak का बड़ा खुलासा, 30 लाख रंगदारी कांड में 3 गिरफ्तार

सहारनपुर में 30 लाख की रंगदारी कांड का पुलिस ने खुलासा किया। एसपी देहात मयंक पाठक ने प्रेस वार्ता में बताया कि बेहट पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर नगदी और दस्तावेज बरामद किए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी देहात मयंक पाठक ने रंगदारी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना बेहट पुलिस ने क्रेशर मालिकों से जबरन वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 30 लाख रुपये नगद, पार्टनरशिप डीड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

एसपी देहात मयंक पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 अप्रैल 2026 को दो वादियों द्वारा थाना बेहट में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों ने उन्हें डराकर रंगदारी मांगी और स्टोन क्रेशर के व्यवसाय में जबरन साझेदार बनाने के लिए दबाव बनाते हुए दस्तखत कराए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीक्षित के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रिंस, ईश्वरपाल और सुरेन्द्र शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से रंगदारी में वसूली गई 30 लाख रुपये की नगदी बरामद की है, जिसमें 20 लाख और 10 लाख रुपये अलग-अलग मामलों से संबंधित पाए गए हैं। इसके साथ ही पार्टनरशिप से जुड़े दस्तावेज और अन्य कागजात भी बरामद किए गए हैं।

प्रेस वार्ता में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी क्रेशर कारोबारियों को धमकाकर उनके व्यवसाय में जबरन भागीदारी लेते थे। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग करने और भय का माहौल बनाकर अवैध वसूली करने का काम भी करते थे।

उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों के संबंध एक कुख्यात खनन माफिया से जुड़े होने की बात सामने आई है, जो उन्हें फंडिंग कर रहा था और अपने विरोधियों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कराने में सहयोग करता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

एसपी देहात ने स्पष्ट किया कि इस मामले में अभी और बड़े खुलासे होने की संभावना है। पुलिस टीम द्वारा मोबाइल डेटा, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है, जिससे पूरे गिरोह और उसके संरक्षणकर्ताओं तक पहुंचा जा सके।

उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रेस वार्ता में पुलिस टीम की भूमिका की सराहना करते हुए एसपी देहात ने कहा कि समयबद्ध कार्रवाई के चलते एक बड़े अपराध का खुलासा संभव हो पाया है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य