शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) मनीष बंसल द्वारा त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुपालन में लागू किया गया है, जिसमें पूर्व के संशोधन में आंशिक बदलाव करते हुए सातवां संशोधन लागू किया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 21 अप्रैल 2026 से 28 मई 2026 तक मतदाताओं का डुप्लीकेशन हटाने और डाटा के कम्प्यूटरीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 29 मई से 9 जून 2026 तक मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन तथा मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं 10 जून 2026 को पंचायत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जानकारी मिल सके। इसके साथ ही सभी संबंधित कार्यालयों के सूचना पट्टों पर भी कार्यक्रम प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान आने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और कार्य लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह पुनरीक्षण कार्यक्रम पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा, जिससे निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।








