शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम द्वारा कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जनमंच परिसर में एक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर Wellmed Hospital Dehradun के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में निगम कर्मचारियों ने भाग लिया।
शिविर का शुभारंभ अपर नगरायुक्त मृत्युंजय द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगर निगम अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर सदैव गंभीर रहा है और इस तरह के शिविर कर्मचारियों को स्वस्थ रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
शिविर में करीब डेढ़ सौ कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें ईसीजी, ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी महत्वपूर्ण जांचें निशुल्क की गईं। इसके साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित चौहान ने कर्मचारियों की हृदय संबंधी जांच करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि नियमित जांच और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। वहीं सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष कंडारी ने भी कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया और आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर में नेत्र जांच भी की गई, जिसमें आयुषी ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा टीम के अन्य सदस्यों स्नेहा, वैभव जोशी, महावीर, परमिंद्र, आकाश और सतवेंद्र ने जांच प्रक्रिया में सहयोग किया।
अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में निगम के फ्रंटलाइन कर्मचारी अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि नगर निगम समय-समय पर कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण जैसे ग्लव्स, मास्क और अन्य संसाधन भी उपलब्ध कराता है।
इस अवसर पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने भी कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी और शिविर के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान वेलमेड अस्पताल की टीम का स्वागत भी किया गया।
यह स्वास्थ्य शिविर न केवल कर्मचारियों के लिए लाभकारी साबित हुआ, बल्कि नगर निगम की कर्मचारी कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।







