शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद सहारनपुर को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने मंगलवार को कोषागार में औपचारिक रूप से जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार ग्रहण करते ही प्रशासनिक हलकों में नई ऊर्जा और उम्मीदों का माहौल देखा जा रहा है।
अरविन्द कुमार चौहान इससे पूर्व विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे जिलाधिकारी शामली, मुख्य विकास अधिकारी बहराइच, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, समाज कल्याण विभाग में विशेष सचिव तथा यूपी बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर वेलफेयर बोर्ड में सचिव जैसे अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा मिर्जापुर और आजमगढ़ में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में भी उन्होंने प्रशासनिक अनुभव हासिल किया है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी चौहान ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहेगा। उन्होंने कहा कि जनपद में चल रही केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से जन शिकायतों के निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान संबंधित स्तर पर ही शीघ्रता से किया जाएगा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
जिलाधिकारी चौहान ने सहारनपुर को एक प्रगतिशील जिला बताते हुए कहा कि यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी मिलकर जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राम आसरे वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, मुख्य कोषाधिकारी सूरज कुमार सहित कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
नए जिलाधिकारी के रूप में अरविन्द कुमार चौहान से जनपदवासियों को बेहतर प्रशासन, पारदर्शिता और विकास की नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।







