सहारनपुर तीतरों पुलिस मुठभेड़: चोरी का वांछित बदमाश घायल गिरफ्तार, तमंचा और ₹50,000 नकद बरामद

सहारनपुर के तीतरों थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान चोरी का वांछित बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। मौके से तमंचा और ₹50,000 नकद बरामद हुए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे सघन अभियान के दौरान थाना तीतरों पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुठभेड़ में चोरी के मामले में वांछित एक बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और चोरी की गई नकदी बरामद हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण, लूट, चोरी, नकबजनी और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अप्रैल 2026 की रात्रि को थाना तीतरों पुलिस टीम सालियर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति झिंझाना की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित बाग में तमंचे के साथ किसी वारदात की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी और आम के बाग की ओर भागने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाश ने पेड़ की आड़ लेकर दोबारा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षा फायरिंग के दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। इसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान फातिर पुत्र हमीद खान निवासी कोटला, थाना गंगोह के रूप में हुई है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 01 तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा कारतूस, 02 खोखा कारतूस और चोरी के ₹50,000 नकद बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी थाना तीतरों में दर्ज चोरी के मुकदमे में वांछित था और उस पर जनपद के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य