विश्व पृथ्वी दिवस 2026: सहारनपुर में व्यापार मंडल की बैठक, शीतल टंडन ने पर्यावरण बचाने का दिया संदेश

सहारनपुर में विश्व पृथ्वी दिवस पर जिला व्यापार मंडल की बैठक आयोजित हुई। शीतल टंडन ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रदूषण नियंत्रण पर जोर दिया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई द्वारा रेलवे रोड स्थित कार्यालय पर एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी को प्रदूषण मुक्त रखने के संकल्प पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि पृथ्वी ने मानव को जीवन के लिए आवश्यक सभी संसाधन प्रदान किए हैं, लेकिन मनुष्य ने अपने स्वार्थ और लालच में आकर प्रकृति का अंधाधुंध दोहन किया है। इसके परिणामस्वरूप आज पर्यावरण संकट गहराता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पृथ्वी को हरा-भरा और स्वच्छ बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना आवश्यक है। पृथ्वी सौरमंडल का एकमात्र ऐसा ग्रह है जहां जीवन संभव है, इसलिए इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने बताया कि पृथ्वी के वातावरण में नाइट्रोजन, ऑक्सीजन और कार्बन डाइऑक्साइड का संतुलन जीवन के लिए आवश्यक है, लेकिन जब यह संतुलन बिगड़ता है तो गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

शीतल टंडन ने कहा कि औद्योगिक क्रांति के बाद प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन हुआ, जिससे जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण की समस्या बढ़ी है। जल, वायु, भूमि और ध्वनि प्रदूषण के कारण आज मानव स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने वृक्षों की कटाई और अवैध खनन को भविष्य के लिए बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि इससे जल संकट भी बढ़ रहा है।

उन्होंने इस वर्ष के पृथ्वी दिवस की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” का उल्लेख करते हुए नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरण अभियान चलाना समय की मांग है।

बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने पृथ्वी को प्रदूषण मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान रमेश अरोड़ा, कर्नल संजय मिड्ढा, पवन गोयल, मेजर एस.के. सूरी, अभिषेक भाटिया, अशोक मलिक, संजीव सचदेवा, मुरली खन्ना, भोपाल सिंह सैनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य