शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद के गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव कैलाशपुर में बुधवार देर रात एक टेंट के गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते गोदाम में रखा लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैलाशपुर निवासी सुरेश कुमार का बस अड्डे के पास टेंट सामग्री का बड़ा गोदाम है। रोज की तरह बुधवार शाम को वह गोदाम बंद कर अपने घर चले गए थे। रात करीब 12 बजे मोहल्ले के लोगों ने गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती देख उन्हें सूचना दी।
सूचना मिलते ही सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
कुछ ही देर में थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और गोदाम में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था।
पीड़ित के अनुसार, गोदाम में टेंट का भारी सामान, तीन मोटरसाइकिल, एक छोटा हाथी वाहन सहित अन्य जरूरी उपकरण मौजूद थे, जो पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस आगजनी में करीब एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
घटना के बाद पीड़ित ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते दमकल नहीं पहुंचती तो आग आसपास के अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्थाओं और बिजली उपकरणों की नियमित जांच की आवश्यकता को उजागर कर दिया है, ताकि इस तरह की घटनाओं को भविष्य में रोका जा सके।








