शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर/बेहट, । जनपद सहारनपुर की मिर्जापुर थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹20,000 की नकदी भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता
थाना मिर्जापुर के प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान उपनिरीक्षक मुकेश सोलंकी, उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल पदम सिंह, कांस्टेबल शहनवाज और दीपक कुमार की टीम नौशेरा राजवाहे की पुलिया मार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर) बरामद हुई। जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम उस्मान पुत्र यासीन निवासी ग्राम रायपुर, थाना मिर्जापुर बताया।
तलाशी में मिली नकदी, बढ़े संदेह के दायरे
पुलिस द्वारा ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ₹20,000 की नगदी भी बरामद हुई, जिसके बारे में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस को आशंका है कि यह राशि भी चोरी से संबंधित हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है।
पहले से दर्ज थी चोरी की शिकायत
मामले में वादी शाहरुख पुत्र स्टार अहमद निवासी बुढ्ढा खेड़ा थाना चिलकाना द्वारा पूर्व में तहरीर दी गई थी कि वह रायपुर क्षेत्र में किसी कार्य से गया था, जहां पेट्रोल पंप के पास खड़ी उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इसके साथ ही उसके पास मौजूद करीब ₹1,79,000 की नकदी भी चोरी कर ली गई थी।
पुलिस ने इसी मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
न्यायालय में पेश, पुलिस का सख्त संदेश
पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने संगीन धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है। थाना प्रभारी सूबे सिंह ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








