शहरी चौपाल ब्यूरो
नागल । जनपद सहारनपुर के थाना नागल क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब तीन दिन से लापता चल रहे 16 वर्षीय किशोर अजय सैनी का शव जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने थाने पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चार युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

फाइल फोटो अजय सैनी
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव जोला डिडौली डोली निवासी अजय सैनी 26 अप्रैल की शाम करीब 8:30 बजे नागल किसी काम से गया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। अगले दिन 27 अप्रैल को अजय के पिता सागर सैनी ने थाना नागल में अपने बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस द्वारा गुमशुदगी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू की गई, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। इसी बीच मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव बोहडूपुर के जंगल में काली नदी के पास एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान के लिए परिजनों को बुलाया गया।
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान अजय सैनी के रूप में की, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीण रात में ही बड़ी संख्या में थाना नागल पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। बुधवार सुबह तक यह हंगामा जारी रहा, जिसमें सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि यदि पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को गंभीरता से लिया होता तो अजय की जान बचाई जा सकती थी।
करीब 8 घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज हंगामे के दौरान क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी मौके पर पहुंचे। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह सैनी और चेयरमैन मानसिंह सैनी समेत अन्य लोगों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ही ग्रामीण शांत हुए।
इस मामले में मृतक के पिता सागर सैनी की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिन आरोपियों के नाम सामने आए हैं उनमें अजय कुमार निवासी महेशपुर थाना बड़गांव, सुशील और राकेश निवासी पहाड़पुर तथा सुरेंद्र निवासी नयागांव थाना नागल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है और कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दुखद घटना के बाद मृतक अजय सैनी के परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। सागर सैनी एक छोटे किसान हैं और उनके परिवार में चार बेटियां और दो जुड़वा बेटे थे। अजय सैनी उन्हीं जुड़वा बेटों में से एक था। परिवार ने बड़ी कठिनाइयों के बीच बच्चों का पालन-पोषण किया था, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
परिवार की आर्थिक स्थिति भी ज्यादा मजबूत नहीं है। सागर सैनी ने अपनी दो बेटियों की शादी कर दी है जबकि दो बेटियां अभी अविवाहित हैं। अजय के निधन के बाद अब परिवार की जिम्मेदारी उसके दूसरे जुड़वा भाई के कंधों पर आ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही इस हत्याकांड के खुलासे की बात कही जा रही है। वहीं ग्रामीणों और परिजनों की नजर अब पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आखिर कब तक इस दर्दनाक घटना के दोषियों को गिरफ्तार कर सजा दिलाई जाती है।








