शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । जनपद सहारनपुर में किक बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ सहारनपुर के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित द्वितीय जिला स्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हो गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुड शेपर्ड स्कूल की टीम ने सर्वाधिक पदक जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि एसजेएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल की टीम उपविजेता रही और जेबीए टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस प्रतियोगिता के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को आगामी 11 से 13 मई तक मेरठ में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश राज्य किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए सहारनपुर जनपद की टीम में शामिल किया गया है, जिससे खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संदीप गुप्ता, सचिव जिला ओलंपिक संघ सहारनपुर, उपस्थित रहे। उनके साथ कुसुम अग्रवाल, अंशु माला सिंह, हर्षित तोमर और कमल गर्ग सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. संदीप गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सहारनपुर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करती हैं, जिससे वे आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
प्रतियोगिता में पॉइंट फाइट और किक लाइट इवेंट्स के अंतर्गत विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। यंगर कैडेट्स बॉयज वर्ग में शौर्य धीमान ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि हैप्पी ने रजत और अंगद व अलतामश ने कांस्य पदक प्राप्त किए। ओल्डर कैडेट्स बॉयज वर्ग में विभोर, गगन, हर्ष, आदर्श और ध्रुव कीरतज ने अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
गर्ल्स वर्ग में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें गुनगुन, सिमरन, कहकाशा और खुशबू ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अलावा किक लाइट इवेंट में भी खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।
किक बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ सहारनपुर के अध्यक्ष अजय कुमार और सचिव मनोज प्रजापति ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन लगातार किए जाते रहेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान अरविंद शेरवालिया, शोभा कश्यप, सोनू सैनी, उदयवीर सिंह सैनी, राहुल कुमार, अनुराग सैनी और आदित्य सिंह सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर यश कुमार, रेनू, लखन कुमार, विशाल और तेजस्विनी सहित कई खेल प्रेमी और अभिभावक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का समापन खिलाड़ियों के उत्साह, खेल भावना और उपलब्धियों के साथ हुआ, जिसने सहारनपुर में खेल संस्कृति को नई दिशा देने का काम किया।








