सहारनपुर में नाबालिग अपहरण व हत्या का खुलासा: महिला आरोपी गिरफ्तार, 14 घंटे बाद नहर से मिला शव

सहारनपुर में 14 वर्षीय नाबालिग के अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज खुलासा। पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार किया, 14 घंटे सर्च ऑपरेशन के बाद नहर से शव बरामद।

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज नाबालिग अपहरण और हत्या कांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस जघन्य वारदात में शामिल एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसने आपसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।

एसपी सिटी ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 मई 2026 को केशवनगर नुमाइश कैंप निवासी महिला ज्योति ने थाना कोतवाली नगर में सूचना दी कि उसका 14 वर्षीय पुत्र घर से सामान लेने के लिए गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस की पांच टीमें गठित की गईं और जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक महिला बच्चे को स्कूटी पर ले जाते हुए दिखाई दी। फुटेज के आधार पर महिला की पहचान पूजा पत्नी रवि मोहन, निवासी नुमाइश कैंप के रूप में की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी महिला ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि पुराने पैसों के लेन-देन और आपसी रंजिश के चलते उसने बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। इसके बाद उसने अंबाला-सरसावा रोड स्थित बड़ी नहर पर पहुंचकर बच्चे को नहर में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नहर का पानी अस्थायी रूप से बंद कराया गया और गोताखोरों की मदद से लगातार तलाशी अभियान चलाया गया। करीब 14 घंटे तक चले इस सघन अभियान के बाद 3 मई की सुबह नहर से बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

एसपी सिटी ने बताया कि शव बरामद होने के बाद मामले में हत्या की धाराएं बढ़ा दी गई हैं। आरोपी महिला के खिलाफ साक्ष्यों और उसके बयान के आधार पर मजबूत केस तैयार किया जा रहा है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।

उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल तो नहीं है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

यह घटना न केवल क्षेत्र में दहशत का कारण बनी है, बल्कि समाज में आपसी रंजिश के खतरनाक परिणामों को भी उजागर करती है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सटीक जांच के चलते इस जघन्य अपराध का शीघ्र खुलासा हो सका, जिससे आमजन में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य