शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा ‘बेस्ट रिसोर्स पर्सन’ अवार्ड से आशा मॉडर्न इंटरनेशनल विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रुचि शर्मा को सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान तथा शिक्षकों के प्रशिक्षण में उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान समारोह डीपीएस हरिद्वार में आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से चयनित शिक्षाविदों और संसाधन व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। जानकारी के अनुसार, CBSE द्वारा पूरे देश से लगभग 700 आवेदनों में से केवल 30 श्रेष्ठ संसाधन व्यक्तियों का चयन किया गया, जिनमें डॉ. रुचि शर्मा का नाम शामिल होना सहारनपुर के लिए गौरव की बात है।

डॉ. रुचि शर्मा पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से CBSE से जुड़ी हुई हैं और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने देशभर के शिक्षकों को 60 घंटे से अधिक का ऑनलाइन तथा 150 घंटे से अधिक का ऑफलाइन प्रशिक्षण प्रदान किया है। उनका मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के कौशल विकास को बढ़ावा देना और शिक्षा की गुणवत्ता को नए स्तर तक पहुंचाना रहा है।
यह पुरस्कार CBSE के प्रशिक्षण निदेशक मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं संयुक्त निदेशक प्रो. मनीष त्यागी द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. रुचि शर्मा ने CBSE के सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
विद्यालय के निदेशक ई. भव्य जैन एवं सह-निदेशिका रुपाली जैन ने संयुक्त रूप से कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. शर्मा की इस सफलता से विद्यालय की प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है और शिक्षा के क्षेत्र में नई प्रेरणा मिलेगी।
विद्यालय के समस्त स्टाफ ने भी इस अवसर पर डॉ. रुचि शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि सहारनपुर के शैक्षिक परिदृश्य को भी नई पहचान दिलाने वाली साबित हो रही है।








