शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नगरायुक्त शिपू गिरि ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाली समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए और संबंधित शिकायतकर्ता को समय पर कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
जनसुनवाई के दौरान कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सफाई, अतिक्रमण और जलापूर्ति से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। इनमें से सफाई से संबंधित एक समस्या का मौके पर ही समाधान करा दिया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वार्ड 33 प्रेमनगर कॉलोनी, आईटीआई निवासी सौरभ ने क्षेत्र में कूड़ा जमा होने की शिकायत की। नगरायुक्त ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय निरीक्षक और सफाई कर्मियों को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय निवासियों को राहत मिली।

इसके अलावा वार्ड संख्या 02 संकटमोचन श्री बालाजी धाम निवासी अनिल सैनी ने क्षेत्र में सफाई और चूना छिड़काव कराने की मांग की। वहीं वार्ड 63 अहमद नगर, हौजखेड़ी रोड राजपूत कॉलोनी निवासी नसीब खान ने नाले की सफाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इन दोनों मामलों में नगरायुक्त ने संबंधित सफाई निरीक्षकों को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं में वार्ड 36 अहमद नगर निवासी अहसान ने क्षेत्र के ट्यूबवेल को ठीक कराने की मांग रखी, जबकि वार्ड 54 उपवन विहार निवासी इसरार ने पाइपलाइन में लीकेज की शिकायत दर्ज कराई। नगरायुक्त ने जलकल विभाग को दोनों मामलों में तत्काल निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण से संबंधित शिकायतों में वार्ड 43 पुल बंजारान, सराय गरीबा निवासी शाकिर ने कबाड़ियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। वहीं वार्ड 42 भारत माता चौक निवासी हर्षित जैन ने अपनी दुकान के पास अतिक्रमण हटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इन मामलों में नगरायुक्त ने प्रवर्तन दल प्रभारी को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगरायुक्त ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता न बने, बल्कि हर शिकायत का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए जनसुनवाई एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं और नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की देरी न होने दें।








