सहारनपुर में शिक्षा मित्र सम्मान समारोह: मानदेय बढ़कर 18 हजार, शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर जोर

सहारनपुर के राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षा मित्र सम्मान समारोह आयोजित। मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार किया गया, जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा गुणवत्ता सुधार और निपुण अभियान पर दिया जोर।

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज, नेहरू मार्केट में शिक्षा मित्र सम्मान समारोह एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिक्षा मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता सुधार पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग कुंवर बृजेश सिंह, विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, नगर विधायक राजीव गुंबर तथा जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से किया गया, जिसका सीधा प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर भी दिखाया गया। इस अवसर पर शिक्षा मित्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने अपने संबोधन में शिक्षा मित्रों के मानदेय को 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए जाने को सरकार का सराहनीय निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम शिक्षा मित्रों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगा। उन्होंने शिक्षामित्रों और उनके परिवारों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्णय पर भी मुख्यमंत्री का आभार जताया।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने शिक्षा मित्रों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यालयों में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधि सदैव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे।

वहीं विधायक मुकेश चौधरी ने कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा से ही समाज और देश का विकास संभव है।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए स्मार्ट क्लास, डिजिटल सामग्री और नवीन तकनीकों का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से ‘निपुण विद्यालय, निपुण ब्लॉक और निपुण जनपद’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान जनपद के प्रत्येक विकास खंड से उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो-दो शिक्षा मित्रों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और डमी चेक देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विद्यालयों में उपयोग की जाने वाली शिक्षण सामग्री, छात्रों द्वारा बनाए गए मॉडल और दिव्यांग बच्चों के लिए ब्रेल लिपि आधारित शिक्षा प्रणाली का भी अतिथियों ने अवलोकन किया।

समारोह में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. हर्षदेव स्वामी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुमारी कोमल, खंड शिक्षा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम ने न केवल शिक्षा मित्रों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण बनाने का संदेश भी दिया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य