शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को देवबंद स्थित जड़ौदा जट्ट में आयोजित विशाल जनसभा में सहारनपुर जनपद को 2131 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जनपद की सातों विधानसभाओं में 500 करोड़ रुपये की 184 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 1631 करोड़ रुपये की 141 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, आवासों की चाबी और टूलकिट भी वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सहारनपुर अब अपनी गति और प्रगति के माध्यम से देश की समृद्धि में योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर विकास के पथ पर अग्रसर होकर समग्र विकास का मॉडल जनपद बनेगा और अन्य जिलों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर की काष्ठ कला ने जनपद को नई पहचान दिलाई है। यहां के कारीगरों द्वारा बनाई जा रही विश्वस्तरीय वुड कार्विंग कला देश और दुनिया में प्रसिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर के अंतर्गत सहारनपुर में प्रदेश का पहला इंडस्ट्रियल लॉजिस्टिक हब बनाया जाएगा, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। सहारनपुर से दिल्ली की दूरी अब ढाई घंटे में तय की जा रही है। गंगा एक्सप्रेसवे बनने के बाद सहारनपुर से लखनऊ छह घंटे और प्रयागराज साढ़े सात घंटे में पहुंचा जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर एयरपोर्ट के माध्यम से यह क्षेत्र देश और दुनिया से जुड़ेगा। बेहट में स्पोर्ट्स कॉलेज, स्मार्ट सिटी परियोजना, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सीएम ग्रिड योजना के तहत बेहतर सड़कें, नगर के अंदर बस स्टेशन और जल निकासी के स्थायी समाधान के लिए आरसीसी ड्रेन जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शाकंभरी देवी मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एलिवेटेड हाईवे और कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बनने के बाद श्रद्धालु हर मौसम में आसानी से दर्शन कर सकेंगे और नवरात्र के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है। प्रदेश में बिना भेदभाव के विकास किया जा रहा है तथा वंचितों को वरीयता और पिछड़ों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता सरकार के लिए एक परिवार की तरह है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अब किसी व्यापारी के अपहरण, किसान के शोषण या बहन-बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, सुरक्षा और रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि देवबंद उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि है तथा क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में सड़कें चौड़ी हुई हैं, एयरपोर्ट बनकर तैयार है और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू हो चुका है।
राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और उत्तर प्रदेश देश के सर्वोत्तम राज्यों में शामिल हो चुका है।

कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक देवेंद्र निम, विधायक कीरत सिंह, विधायक राजीव गुंबर, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, एमएलसी वंदना वर्मा, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन राजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।








