शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं दिव्यांगजन सेवा के क्षेत्र में कार्यरत श्री पार्श्वनाथ सेवा संघ के चुनाव जैन बाग में विधिवत संपन्न कराए गए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सर्वसम्मति से दीपक जैन टैक्स एडवोकेट को संस्था का अध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही विपुल जैन को मंत्री, सुरभित जैन को कोषाध्यक्ष, आशीष जैन रबड़ वाले को उपाध्यक्ष तथा अमित जैन बिन्नी को उपमंत्री नियुक्त किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पगड़ी एवं पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
चुनाव के बाद आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष निर्वाचित होने पर दीपक जैन एडवोकेट ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री पार्श्वनाथ सेवा संघ पिछले कई वर्षों से दिव्यांगजनों की सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा हजारों जरूरतमंद लोगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जिससे अनेक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और संस्था भविष्य में भी इसी सेवा भावना के साथ समाजहित के कार्य करती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि संस्था सामाजिक, धार्मिक और मानवीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
नवनिर्वाचित मंत्री विपुल जैन ने कहा कि संगठन के सभी सदस्यों को साथ लेकर सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सहयोग, समरसता और जागरूकता को बढ़ावा देना भी है।
कोषाध्यक्ष सुरभित जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर धार्मिक यात्राओं, सेवा शिविरों और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्यों को विस्तार देने का प्रयास करेगी।
उपाध्यक्ष आशीष जैन तथा उपमंत्री अमित जैन बिन्नी ने कहा कि संस्था सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को एकजुट करने का कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवाओं को भी सेवा कार्यों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे ताकि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी पदाधिकारियों ने मिलकर सेवा कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में अमित जैन बिन्नी, अंशुल जैन, अंकित जैन, गौरव जैन, मनीष जैन, दीपक जैन एडवोकेट, विपुल जैन, अंकुर जैन, आशीष जैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमित जैन बिन्नी ने किया।








